कमालगंज। गंगा नदी के महमदगंज मड़ैयन घाट पर बने पैंटून पुल पर रेलिंग न लगे होने से लोग परेशान हैं। रविवार को बैलगाड़ी चला रहा किसान बैलगाड़ी सहित गंगा में गिर गया। शवदाह को आए लोगों ने दौड़कर उसे बाहर निकाला।
गंगा नदी पर पैंटून पुल में रेलिंग का काम नहीं कराया गया है। इससे लोगों में रोष है। रेलिंग के लिए पोस्ट काफी दिन से पुल पर खड़े कर दिए गए, लेकिन तार नहीं खींचा गया। गंगापार के तेरा अकबरपुर के ग्रामीणों का कहना है कि कमालगंज की ओर पुल पर ढलान अधिक बढ़ गया है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
शनिवार को एक बैलगाड़ी गिर गई थी। रविवार को आजादनगर गांव की बैलगाड़ी गिर गई। शवदाह के दौरान पास में बसायकपुर के ग्रामीण मौजूद थे। बैलगाड़ी के गिरते ही करीब 10 लोगों ने पानी में कूदकर किसान को बाहर निकाला। बैलों को निकालने के बाद बैलगाड़ी को पानी से खींचकर बाहर निकाला गया। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने के दूसरे दिन ही जो बैरिकेडिंग बन जानी चाहिए वह डेढ़ माह बाद भी नहीं बनाई गई है। इससे पहले भी घटना हो चुकी है।