फर्रुखाबाद। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालजी यादव ने शुक्रवार को जिले के प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया, जिसमें तीन शिक्षक अनुपस्थित मिले। बीएसए ने उन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही गैर हाजिर रहने वाले दिन का वेतन काटने के भी निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय महमदपुर कामरान पहुंचे बीएसए ने देखा कि टाइल्स लगाने तथा जलापूर्ति का काम नहीं कराया गया है। मल्टीपल हैंडवॉश व दिव्यांग शौचालय भी नहीं बने हैं। बिजली की वायरिंग मानक के विपरीत थी। शिक्षामित्र की ड्यूटी बीएलओ में लगी है, लेकिन विद्यालय के पत्र में आने-जाने का कोई उल्लेख नहीं है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगला वेग में सहायक अध्यापक अमरदीप सिंह गैर हाजिर मिले। यहां शौचालय भी ठीक से नहीं बने थे। टाइल्स का काम भी नहीं था।
उन्होंने गुरुवार को मोहम्मदाबाद ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय तकीपुर का निरीक्षण किया। यहां शिक्षिका राखी सक्सेना व शिक्षामित्र कामायनी सिंह सात व आठ तारीख को गैर हाजिर मिले थे। विद्यालय में जलापूर्ति समेत अन्य काम अधूरे थे।
विद्यालय की चहारदीवारी का निर्माण अधूरा मिला। कंपोजिट ग्रांट के उपभोग करने संबंधी अभिलेख, छात्र उपस्थिति पंजिकाएं नहीं मिलीं। प्राथमिक विद्यालय भरतपुर रसूलपुर में निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक रश्मिलता वर्मा व शिक्षामित्र रुचि राठौर अनुपस्थित मिलीं। बीएसए लालजी यादव ने बताया कि उनके अनुपस्थित दिन का वेतन रोकते हुए शिक्षकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।