फर्रुखाबाद। गंगा में नहाते समय बहनोई संग सेल्फी ले रहा साला गहरे पानी में डूब गया। बहनोई की चीख-पुकार पर पहुंचे गोताखोरों ने देर रात तक खोजबीन की, मगर युवक का कुछ पता नहीं चला।
कन्नौज जिले के थाना सौरिख के गांव चौधरी नगला निवासी कौशल किशोर (20) अपने बहनोई औरैया जिले के एरवाकटरा थाने के गांव बखनगोई निवासी सुमित के साथ सोमवार शाम को गंगा स्नान करने आया था। कौशल बहनोई संग मोबाइल से सेल्फी लेने के लिए गंगा में आगे बढ़ा, उसी समय अचानक गहरे पानी में चला गया। सुमित के शोर मचाने आसपास मौजूद गोताखोर मौके पर पहुंचे।
इसके बाद चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा ने गोताखोर अल्लादीन, अच्छे बाबू, मुशीर, बाबा, बरकत अली, अजरुद्दीन से कौशल की खोज करवाई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। थानाध्यक्ष राजेश कुूमार सिंह ने बताया कि अंधेरा होने से दिक्कतें आ रही है। पानी का बहाव काफी तेज है। सेल्फी लेते समय दुर्घटना हुई है। युवक की खोज जारी है।