फोटो-02, मोहम्मदाबाद में इटावा-बरेली हाईवे पर लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद
-फर्रुखाबाद, बेवर, ताजपुर व संकिसा मार्ग पर कई किमी लंबी कतारें
-जाम खुलवाने में जिम्मेदार असमर्थ, चार-चार घंटे देरी से पहुंची बहनें
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहम्मदाबाद। भैया दूज पर वाहनों अधिकता और संकिसा मार्ग पर पुलिया निर्माण की वजह से हाईवे स्थित चौराहे पर छह घंटे तक जाम लगा रहा। फर्रुखाबाद, बेवर, ताजपुर और संकिसा मार्गों पर वाहनों की कई किलोमीटर तक लंबी कतारें लग गईं। जाम खुलवाने में जिम्मेदार असमर्थ रहे। चार-चार घंटे देरी से बहनें अपने भाइयों के घर पहुंच सकीं।
नगर पंचायत में हाईवे स्थित चौराहे से संकिसा मार्ग पर उतरते ही करीब 10 दिन से पुलिया निर्माण चल रहा है। इसी वजह से आधी सड़क से वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद है।
बृहस्पतिवार को भैया दूज के त्योहार पर वाहनों की संख्या में खासी बढ़ोतरी हुई। लिहाजा वाहनों के आवागमन में दिक्कतें हुईं। सुबह 10 बजे के करीब जाम लगना शुरू हो गया। इसके बाद शाम चार बजे तक वाहनों का आवागमन सामान्य नहीं हो सका। थाना पुलिस जाम खुलवाने में पूरी तरह नाकाम रही।
जाम में वाहन फंसने की वजह से लोग फल, मिठाई आदि की दुकानों पर खरीदारी भी नहीं कर सके। वाहन थोड़ी-थोड़ी देर पर रेंग रहे थे। लिहाजा लोगों को नीचे उतरने तक का मौका नहीं मिला। ऐसे में दुकानदारों को खासा नुकसान हुआ।