कमालगंज (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव सियांपुर निवासी मोबाइल रिपेयरिंग दुकानदार के घर शुक्रवार रात मकान के मुख्य गेट से चोर घर में घुस गए। कमरे के दरवाजे का ताला तोड़कर अलमारी से नगदी, जेवर व कपड़े का बैग आदि चुरा ले गए। रात में एक बजे चोरी की जानकारी होने पर यूपी 112 पुलिस को सूचना दी गई।
थाना क्षेत्र के गांव सियांपुर निवासी दीपक कटियार पुत्र राकेश कुमार की कमालगंज में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे दीपक अपने परिजनों के साथ मकान के अंदर बने कमरों में सो रहे थे। बाहर बने कमरे में उनका भाई सो रहा था। शनिवार रात घर के मुख्य गेट पर लगे चैनल को खोलकर चोर घर में घुस गए।
जिस कमरे में दीपक का भाई सो रहा था चोरों ने उसके दरवाजे की बाहर से कुंडी लगा दी। पास में दूसरे कमरे के दरवाजे का ताला तोड़कर चोर कमरे में घुस गए। वहां अलमारी का ताला खोलकर एक सोने की चेन, दो अंगूठी, चार जोड़ी पायलें, एक पेंडल, 50 चांदी के सिक्के, 20 हजार रुपये व कपड़े से भरा एक बैग आदि सामान चुरा ले गए।
रात करीब 1 बजे दीपक की मां उठीं तो उनकी नजर कमरे के दरवाजे पर पड़ी। उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो सामान बिखरा व अलमारी खुली थी। इस पर उन्होंने मामले की जानकारी परिजनों को दी। दीपक ने चोरी की सूचना यूपी 112 पुलिस को दी। रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची।
दीपक कटियार ने बताया कि रात 12 से 1 बजे की बीच में चोरी हुई है। करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चोर ले गए। थानाध्यक्ष अंगद सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।