यूपी बोर्ड परीक्षा में केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षकों समेत अन्य कर्मचारियों के पारिश्रमिक में वृद्धि कर दी गई है। इनका पारिश्रमिक भुगतान के लिए शासन से करीब सात लाख रुपये बजट जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आ गया है। सभी केंद्र व्यवस्थापकों से पारिश्रमिक भुगतान को बिल कार्यालय में उपलब्ध कराने के आदेश जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश बाबू ने दिए हैं।
बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी करने वाले केंद्र व्यवस्थापक को अभी तक प्रतिपाली 60 रुपये या प्रतिदिन काम करने पर 120 रुपये पारिश्रमिक दिया जाता था अब यह बढ़ाकर 80 रुपये प्रति पाली या 160 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है। इसी तरह अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक को एक पाली में ड्यूूटी करने पर 53 रुपये और दोनों पाली में ड्यूटी करने पर 106 रुपये दिया जाएगा। कक्ष निरीक्षक को कक्ष निरीक्ष का पारिश्रमिक 72 रुपये से बढ़ाकर 96 रुपये प्रतिदिन किया गया है। लिपिक का मानदेय 25 रुपये से बढ़ाकर 33 रुपये कर दिया गया है। बंडल वाहक का 12 रुपये प्रति पाली से बढ़ाकर 16 रुपये, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का प्रतिदिन 40 रुपये पारिश्रमिक बढ़ाकर 53 रुपये कर दिया गया है। इसके साथ संकलन केंद्र के मुख्य नियंत्रक, उप नियंत्रक, सह उपनियंत्रक समेत अन्य कर्मचारी और मूल्यांकन में लगने वाले मुख्य नियंत्रक समेत अन्य लोगों के पारिश्रमिक में वृद्धि की गई है।
बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी करने वाले शिक्षक व कर्मचारियों को पारिश्रमिक भुगतान के लिए सात लाख रुपये बजट आया है। इसको लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश बाबू ने सोमवार को कार्यालय सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने बिल बनाकर एक सप्ताह में उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। ताकि सभी का पारिश्रमिक भुगतान किया जा सके।