सरस्वती विद्या मंदिर श्यामनगर में खुशी जताते छात्र-छात्राएं। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। हाईस्कूल और इंटर की यूपी बोर्ड परीक्षाओं में बेटियों ने फिर परचम बुलंद किया है। इंटर की टॉप-10 सूची में 13 और हाईस्कूल में छह छात्राओं ने स्थान पाया है। इंटर की छात्रा शालिनी ने 87.60 और हाईस्कूल के छात्र प्रतीक राजपूत ने 95.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में सर्वोच्च स्थान पाया। हाईस्कूल में 86.15 और इंटरमीडिएट में 86.93 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की है।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम शनिवार को घोषित होते ही सफल छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई। किसी ने मोबाइल पर तो किसी ने साइबर कैफे में परीक्षा का परिणाम देखा। अच्छे अंक देख सभी खुशी से झूम उठे। मोहम्मदाबाद के गांव पसनिंगपुर निवासी किसान यशवीर सिंह की बेटी शालिनी ने इंटर में 87.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया है।
शहर के मोहल्ला मदारबाड़ी निवासी तरुण प्रताप सिंह की बेटी श्रेया सिंह 85.60 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। मोहल्ला राजीव गांधी नगर निवासी राहुल दीक्षित की पुत्री कनक दीक्षित, सिंधी कालोनी मेमरान मोहल्ला निवासी विकास शर्मा की पुत्री तनवी शर्मा और फतेहगढ़ के मोहल्ला शिवाजी कालोनी निवासी शिक्षक सत्येंद्र सिंह की पुत्री दिव्या कुशवाहा ने 85.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। इंटर की टॉप-टेन सूची में 19 परीक्षार्थी शामिल हैं, इनमें 13 छात्राएं शामिल हैं।
हाईस्कूल में फतेहगढ़ के मोहल्ला दुर्गा कालोनी निवासी शिक्षक राजबहादुर राजपूत के पुत्र प्रतीक राजपूत ने 95.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया है। कमालगंज के गांव कंधरापुर के रहने वाले संजीव कटियार की पुत्री जानवी कटियार ने 93.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान पाया है।
शमसाबाद के गांव खिनमिनी निवासी अशोक कुमार की पुत्री दीक्षा ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरे स्थान पर कब्जा किया। जिला टॉप-10 सूची में छह बेटियों और चार बेटों ने स्थान पाया है। हाईस्कूल का जिले का परिणाम 86.15 प्रतिशत रहा है।