फर्रुखाबाद। बोर्ड परीक्षा की राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम की सीधी मॉनीटरिंग होगी। इसके लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों को जोड़कर राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से जोड़ने का आदेश शिक्षा निदेशक ने डीआईओएस को दिया है। सोमवार को दोपहर दो बजे ट्रायल किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पांडेय ने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम को राज्य स्तर पर लखनऊ में बने कंट्रोल रूम से जोड़ने का आदेश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिया है। इसमें कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की ऑनलाइन मॉनीटरिंग की जाएगी। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे और राउटर को नेट के माध्यम से जिला स्तरीय बने कंट्रोल रूम से जोड़ा जाए। इसके बाद राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से जिला स्तरीय कंट्रोल रूम को जोड़ा जाएगा।
यह कार्य सोमवार दोपहर 12 बजे तक पूरा कर लिया जाए। दो बजे राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से प्रत्येक परीक्षा केंद्र की निगरानी करने का ट्रायल किया जाएगा। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।