फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं के 14 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के केंद्रों में बदलाव कर दिया गया है। इन विद्यालयों के बच्चों को पूर्व में जो प्रवेश पत्र दिए गए थे। उन्हें निरस्त कर उनको नए परीक्षा केंद्र का प्रवेश पत्र दिया जाएगा।
यूपी बोर्ड परीक्षा में 14 विद्यालयों के बच्चों को अधिक दूरी केंद्र पर भेजा गया था। इनमें प्रधानाचार्य और प्रबंधक ने आपत्तियां लगाईं थीं। जिला समिति ने बच्चों के केंद्र बदलने केे प्रस्ताव बनाकर माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज भेजा था। माध्यमिक शिक्षा परिषद में केंद्र बदलने को विचार विमर्श चलता रहा। तब तक प्रवेश पत्र आकर वितरित हो गए। अब शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 14 विद्यालयों के बच्चों के केंद्र में फेरबदल कर दिया है।
क्रिश्चियन इंटर कालेज के बच्चों का परीक्षा केंद्र पहले जनता राष्ट्रीय इंटर कालेज बनाया गया था। अब बदल कर रस्तोगी इंटर कालेज कर दिया गया है। यूआर देवदनी इंटर कालेज चंदुइया के बच्चों का केंद्र पहले शास्त्री इंटर कालेज बनाया गया था अब बदल कर रामस्वरूप शहीद इंटर कालेज मेरापुर कर दिया गया। सत्य प्रकाश मिथलेश कुमारी इंटर कालेज के बच्चों को केंद्र पहले जनता इंटर कालेज रसीदाबाद बनाया गया था अब बदल कर सीपीवीन कायमगंज कर दिया गया।
इस तरह कुल 14 विद्यालयों के बच्चों के परीक्षा केंद्र में बदलाव हुआ है। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. आदर्श कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विद्यार्थियों के केंद्र अधिक दूरी पर बन गए थे। आपत्तियों के कारण बदलाव हुआ है। माध्यमिक शिक्षा परिषद से वार्ता हुई है। उन्होंने नए प्रवेश पत्र विशेष वाहक से भिजवाने की बात कही है। पुराने प्रवेश पत्र निरस्त कर दिए जाएंगे।