फर्रुखाबाद। ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर बीडीसी सदस्यों की बल्ले-बल्ले है। समाजवादी पार्टी में टिकट को लेकर संग्राम छिड़ा हुआ है। हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से किसी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई है। इसके बावजूद ब्लाक प्रमुख के दावेदार बीडीसी सदस्यों को यात्राएं करा रहे हैं।
सपा से जिन दावेदारों ने ब्लाक प्रमुख के लिए आवेदन किया है। उनको 27 जनवरी को पार्टी हाईकमान ने लखनऊ बुलाया है। नवाबगंज में जहां 35 बीडीसी सदस्य को लेकर प्रमुख पद की प्रत्याशी अनीता रंजन के पति जितेंद्र सिंह यादव ने देशाटन के लिये भेज दिया है। वहीं, मोहम्मदाबाद से ब्लाक प्रमुख का चुनाव लड़ने जा रहे अमित दुबे उर्फ बब्बन ने भारी संख्या में सदस्यों को अपने पक्ष में करके देवी दर्शन के लिए भेज दिया है।
इस विकास खंड से पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव की पुत्री मोनिका यादव भी डटी हुई हैं। कुल मिलाकर मोहम्मदाबाद ब्लाक क्षेत्र में इस समय बीडीसी सदस्य खोजे नहीं मिल रहे हैं। दावेदार किसी को महानगरों की सैर करा रहे हैं तो किसी को तीर्थयात्रा पर भेज दिया हैं। राजेपुर ब्लाक में बीडीसी सदस्यों को कुछ खास हाथ नहीं लग रहा है। यहां से डा. सुबोध यादव के सामने अभी तक किसी प्रत्याशी ने ताल नहीं ठोंकी है।
कायमगंज में भी केवल रामप्रकाश उर्फ कल्लू यादव चुनाव मैदान में हैं। उनके विरोध में टिकट मांग रहे उदयपाल यादव नरम पड़ गए हैं। शमसाबाद में अभय प्रदीप गंगवार ने चुनाव सबसे मंहगा कर दिया है। बढ़पुर से पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत की पुत्रवधू उर्मिला चुनाव मैदान में उतर चुकी हैं। उनके विपक्ष में रीता यादव ताल ठोंक रही हैं। पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत का कहना है कि उनकी बहू समाजवादी पार्टी से टिकट की दावेदारी कर चुकी हैं।