बद्री विशाल महाविद्यालय में बूथ का निरीक्षण करते डीएम। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी ने रविवार को शहर में बूथों का निरीक्षण किया। निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य का अवलोकन कर दिशा निर्देश जारी किए। बद्रीविशाल डिग्री कालेज स्थित बूथ पर बीएलओ ने गत वर्ष हुए पुनरीक्षण अभियान का मानदेय न मिलने की शिकायत की।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने कैंट एरिया के सात बूथ, बद्री विशाल डिग्री कॉलेज के पांच व कन्या प्राइमरी पाठशाला अर्रापहाड़पुर के दो बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से प्राप्त हुए फार्म संख्या 06, 07 व 08 की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि विगत वर्ष वृहद पुनरीक्षण अभियान में ऐसे मतदाताओं की सूची बनाई गई थी जो एक जनवरी 2020 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं। उसके आधार पर सभी पात्र युवाओं को मतदाता बनाने के लिए फार्म भरवाए जाएं। बद्री विशाल डिग्री कॉलेज में निरीक्षण के दौरान बीएलओ ने शिकायत की कि विगत पुनरीक्षण अभियान का अब तक उसे मानदेय का भुगतान नहीं किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी बीएलओ को डोर टू डोर संपर्क कर फार्म-6 भरवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर भी मौजूद रहे।