भाजपा के संगठन और पंचायत चुनाव से पहले पार्टी के एक कार्यकर्ता ने
सदस्यता में धांधली का बम फोड़ा है। सांसद को उपकृत करने के लिए
कार्यकर्ताओं की मेहनत को उनके खाते में दर्ज करने की शिकायत राष्ट्रीय और
प्रदेश अध्यक्ष से की गई है। इससे पार्टी की भीतरी सियासत गर्माने लगी है।
कार्यकर्ता ने जिला पंचायत चुनाव में नाम पर विचार करने के लिए 21 हजार
रुपये की मांग का भी आरोप लगाया है। यह मामला प्रशिक्षण शिविर के लिए
सक्रिय सदस्यों की जारी सूची में
खुला। भाजपा के संगठन के चुनावों की
तैयारी इसी माह से शुरू होनी है। इसी माह से जिला पंचायत और क्षेत्र
पंचायतों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसे में एक कार्यकर्ता ने
सदस्यता में धांधली का बड़ा खुलासा किया है। अमर उजाला को मुहैया कराए गए
दस्तावेज शिकायत को पुख्ता भी कर रहे हैं। शिकायत के मुताबिक जिला सदस्यता
प्रमुख जिला महामंत्री
विमल कटियार व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने
कार्यकर्ताओं के बनाए सदस्यों को सांसद मुकेश राजपूत के खाते में दर्ज कर
दिया । 20 से अधिक बूथों की सदस्यता को सांसद केे खाते में मिला दिया गया।
सांसद के बनाए सदस्यों में एक ही सदस्यता क्रमांक और मोबाइल पर 20 से 25 तक
सदस्य बना दिए गए। एक फार्म में हिंदू व मुसलमानों को एक ही
परिवार का
सदस्य मानकर सदस्यता क्रमांक भी दे दिया गया। कार्यकर्ताओं के विरोध को
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व सदस्यता प्रमुख ने दबा दिया। बिना किसी का नाम लिए
जिला पंचायत की सीट के लिए उम्मीदवारी पर 21 हजार रुपये मांगने की भी
शिकायत की गई।
...और भी हैं दर्द
अमर उजाला को मुहैया
कराए गए दस्तावेजों में कार्यकर्ता ने अपना नाम छुपाया है। लिफाफे पर रंजीत
कटियार का नाम लिखा है। रंजीत को शिकायतकर्ता मान लिया जाए तो पार्टी
कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है। मोहन अग्रवाल को रेलवे की मंडल सलाहकार
समिति का सदस्य बनाया गया है जो पार्टी के सदस्य नहीं हैं। यह सपा नेता
नरेश अग्रवाल के करीबी
हैं। पुखराज डागा को निगरानी कमेटी में रखा गया। यह
कभी पार्टी में नहीं रहे। इसके साथ ही जिला पंचायत चुनाव के लिए
उम्मीदवारों के चयन में भी खेल चल रहा है। कई जगह उम्मीदवार तय कर दिए गए।
शिकायतकर्ता ने उम्मीदवार चयन के लिए कमेटी बनाए जाने की मांग की है।
दस्तावेजों के हवाले से गड़बड़ी
-मंडल
बढ़पुर पश्चिम के बूथ संख्या 60 के सदस्यता फार्म में कैंप प्रभारी का नाम
रामसेवक दर्ज है। इसे काट कर मुकेश राजपूत का नाम लिखा गया।
-बूथ
सदस्यता के फार्म में बूथ क्रमांक 305, बूथ प्राइमरी पाठशाला धंसुआ में
प्रवासी प्रमुख का नाम मिथुन कटियार लिखा
है। इसे काटकर अविनाश दुबे और फिर
मुकेश राजपूत लिख दिया गया।
- सांसद व्यक्तिगत सदस्यता में 9452417583 मोबाइल नंबर पर 25 सदस्य बनाए गए। इसका सदस्यता क्रमांक 1089735439 है।
वर्जन
सदस्यता
में कोई फर्जीवाड़ा नहीं हुआ है। शिकायत झूठी है। यह किसी की साजिश लग रही
है। अगर कोई समस्या है तो शिकायत करने वाले को सामने आना चाहिए। -विमल
कटियार, जिला सदस्यता प्रमुख
किसी की सदस्यता दूसरे नाम से नहीं हो
सकती है। अगर किसी को दिक्कत है तो उसे सामने आना चाहिए। जांच करवा देंगे।
यह शिकायत फ्राड लग रही है। पार्टी और संगठन के लोगों को बदनाम करने की
साजिश है।-सत्यपाल सिंह,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष