फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा नेता के होटल के बाहर नहीं हटा अतिक्रमण

Sun, 28 May 2017 12:49 AM IST
फर्रुखाबाद
विज्ञापन
बद्री विशाल डिग्री कालेज के बाहर चाय के होटल की पट्टियां तोड़ती जेसीबी। - फोटो : amarujala
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी के आदेश पर चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान शनिवार को पालिकाकर्मी भाजपा नेता के होटल के बाहर अतिक्रमण हटवाने में असफल रहे। यहां बोर्ड हटवाने को लेकर पालिका के जेई और होटल कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सूचना मिलने पर शहर कोतवाल समेत भारी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंच गया लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद पालिकाकर्मियों को बगैर अतिक्रमण हटाए बैरंग लौटना पड़ा। इसके अलावा अन्य स्थानोें पर भी पालिकाकर्मियों की अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानदारों से नोकझोंक हुई।
विज्ञापन


दोपहर बाद पालिका के जेई मुकेश जायसवाल के नेतृत्व में पालिकाकर्मियों ने जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्राली लेकर अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत की। रोडवेज बस अड्डे के पास दुकानदारों ने खुद ही अतिक्रमण हटा लिया। बद्री विशाल डिग्री कालेज के पास पालिकाकर्मियों ने कल्लू चाय वाले का चबूतरा व झोपड़ी जेसीबी से तोड़ दी और उसका तख्त जब्त कर लिया। बढ़पुर देवी मंदिर के बाहर वर्षों से प्रसाद व फूलमाला की दुकान रखे शिवम, विवेक, पप्पी और राहुल का अतिक्रमण हटवाया गया। यहीं पर अनिल कटियार की दुकान पर लगा टिनशेड उखाड़कर पालिकाकर्मियों ने ट्रैक्टर-ट्राली में रख लिया तो दुकानदार की जेई से तीखी नोकझोंक हो गई। हीरो एजेंसी के पास जेसीबी ने बोर्ड उखाड़ना शुरू किया तो उनके कर्मचारियों ने पालिकाकर्मियों से बोर्ड हटाने के लिए समय मांगा। इस पर पालिकाकर्मी मान गए।

इसी के पास भाजपा नेता के होटल के बोर्ड को जैसे ही जेसीबी उखाड़ने लगी, होटल के कर्मचारियों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। एक होटल कर्मचारी की मुख्य सफाई निरीक्षक केपी सिंह से तीखी नोकझोंक होने लगी। उसने यहां तक चेतावनी दे डाली की अगर बोर्ड उखाड़ा तो खुद ही लगाना होगा। इस दौरान होटल मालिक राजेंद्र राठौर की भी जेई से नोकझोंक होने लगी। कादरीगेट चौकी के दरोगा केपी सिंह ने समझाने का प्रयास किया लेकिन कब्जेदारों ने उनकी भी नहीं सुनी। उन्होंने मामले की जानकारी कोतवाल को दी। आनन-फानन में कोतवाल द्रविड़ सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। तमाम प्रयासों के बावजूद पालिकाकर्मी अतिक्रमण नहीं हटा सके। जेई ने बताया कि उन्होंने मामले की जानकारी ईओ को दे दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें