फर्रुखाबाद। भाजपा के सेवा ही संगठन अभियान के तहत हुए रक्तदान में जिलाध्यक्ष ने पांच दर्जन लोगों के द्वारा रक्तदान करने का दावा किया लेकिन 28 व 29 मई को हुए रक्तदान अभियान में लोहिया अस्पताल के ब्लड बैंक में सिर्फ 22 युनिट रक्त ही जमा हुआ। इससे स्थानीय स्तर पर सेवा ही संगठन अभियान के तहत किए गए रक्तदान में भी खेल की आशंका व्यक्त की जा रही है।
केंद्र सरकार के सात साल पूरे होने पर भाजपा ने सेवा ही संगठन अभियान के तहत कार्यक्रम कर रही है। जिसमें जिला भाजपा कार्यालय में 29 व 29 मई को कार्यकर्ताओं से रक्तदान करने के लिए कहा गया था। इसमें सभी 18 मंडल अध्यक्षों को पांच-पांच रक्तदाताओं को लाने का लक्ष्य दिया गया। जनप्रतिनिधियों से भी भागीदारी देने की बात कही गई लेकिन दो दिन लगे कैंप में महज 22 ने ही रक्तदान किया। भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक यहां से बनाई गई रक्तदाताओं की सूची में 34 नाम शामिल किए गए हैं। साफ है कि इसमें ऐसे नाम भी शामिल किए गए, जिन्होंने रक्तदान किया ही नहीं है। इसके अलावा सूची में 28, 29, 30 मई को रक्तदान होने का उल्लेख है। जबकि रक्तदान केवल दो दिन ही हुआ।
इस पर भाजपा जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने पहले 5 दर्जन लोगों द्वारा रक्त दान किए जाने का दावा किया। जब उनसे 34 लोगों के रक्त दान की सूची मिलने की बात कही तो उन्होंने इसके बारे में जानकारी होने से इंकार किया। वहीं जब लोहिया अस्पताल के ब्लड बैंक में 22 यूनिट रक्त जमा होने के बाबत पूछा गया तो वे भी असमंजस में पड़ गए।
भाजपा के जिला कार्यालय में 28 व 29 मई को रक्तदान का कार्यक्रम हुआ। इसमें दान किया गया 22 यूनिट रक्त ब्लड बैंक में जमा हुआ है।
गिरीश कुमार, लैब टेक्नीशियन, ब्लड बैंक लोहिया अस्पताल