वीआईपी ड्यूटी करने जाते समय बाइक और ट्रक की हुई भिड़ंत में बाइक सवार
सिपाही की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि बाइक में आग लग गई। सूचना
पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। हादसे की सूचना पर पुलिस अफसर और परिजन
मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना
राजेपुर में तैनात सिपाही राजकरन सिंह तोमर (48) पुत्र जगमोहन सिंह की जिला
कन्नौज के जसोदा में आ रहे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ड्यूटी लगी थी।
राजकरन शनिवार की तड़के बाइक से ड्यूटी के लिए कन्नौज जा रहा था। जब वह
कमालगंज के बघार नाला के पास से गुजर रहा था तभी सामने से आ रहे ट्रक से
उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक ट्रक के नीचे आ गई और वह
काफी दूर तक घसीटती हुई चली गई। सिपाही का हेलमेट टूट गया और वह गंभीर
रूप
से घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया और
ट्रक को कब्जे में ले लिया। घायल को लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां पर
मौजूद डाक्टर ने सिपाही को मृत घोषित कर दिया। सिपाही के पास मिले मोबाइल
और कागजातों को देखकर हादसे की सूचना राजेपुर एसओ श्रीकांत यादव को दी गई।
श्रीकांत यादव फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे। यहां पर उन्होंने ने सिपाही की
शिनाख्त की। घटना की जानकारी पर एसओ ने अफसरों को दी। कुछ ही
समय बाद सीओ
अमृतपुर कालूराम दोहरे, सीओ सिटी योगेश कुमार, शहर कोतवाल आरपी यादव भी
अस्पताल पहुंच गए। सूचना पाकर दोपहर के समय मृतक की पत्नी साधना और बच्चे
भी आ गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कानपुर का रहने वाला था सिपाही
जिला कानपुर देहात थाना सिकंदरा के गांव फिरोजपुर निवासी सिपाही राजकरन
सिंह फर्रुखाबाद जिले में पिछले साल आया था। उसकी तैनाती पुलिस लाइन से 15
दिसंबर 2014 को राजेपुर थाने के लिए गई थी।
बाइक में लगी आग, दमकल ने बुझाई
हादसे के बाद बाइक ट्रक के नीचे आकर काफी दूर तक घसीटते हुए चली गई थी। इस
कारण बाइक में आग लग गई। आग की लपटों को देखकर पुलिस ने दमकल को सूचना दी।
दमकल ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।