अमृतपुर। दुकान बंद करके घर लौट रहे सराफ को बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूट लिया।
थाना क्षेत्र के गांव करनपुर दत्त निवासी रामनाथ वर्मा उर्फ कमलेश की शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाने के ढाई गांव में सराफा की दुकान है। रविवार देर शाम वह बाइक से घर लौट रहे थे। खुशहाली नगला तिराहे पर पीछे से दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने लात मारकर उनकी बाइक गिरा दी। एक बदमाश ने तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने जेब में रखे 5000 रुपये, मोबाइल और डिकी में रखा बैग निकाल लिया। उसमें एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी खड़ुआ और सोने की बेसर थी। लूट को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए।
सूचना पर थानाध्यक्ष मीनेश पचौरी और सीओ रविंद्र नाथ राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित से घटना की जानकारी ली। सीओ ने बताया कि लूट की घटना हुई है। तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। (संवाद)