राजेपुर। जहानगंज से जैनापुर जा रहे बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कुचल दिया। साथ में मौजूद दस साल का पुत्र घायल हो गया। उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव पुनपालपुर निवासी स्वदेश (40) पुत्र रामसेवक जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव गढ़ा खेड़ा अपनी ससुराल में रहते थे। वह सोमवार को मौसी की दवाई लेने कानपुर गए थे। गुरुवार सुबह वह अपने पुत्र अंकुर (10) के साथ बाइक से हरदोई के जैनापुर अपने मौसिया ससुर के यहां जा रहे थे। निबिया मोड़ पर हरदोई डिपो की तेज रफ्तार बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे उनका सिर फट गया। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। घटनास्थल पर ही स्वदेश की मौत हो गई, जबकि बेटा अंकुर घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे दरोगा रमाशंकर पांचाल ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। घायल अंकुर को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्वदेश के पुत्र दीपेंद्र ने बताया कि पिता खेती करते थे। ननिहाल में भी जमीन मिली है। उनके दो बहनें खुशबू, लबली और भाई अंकुर हैं। स्वदेश दो भाइयों में छोटे थे। बड़े रामबहादुर हैं। पत्नी वेदवती का रो-रो कर बेहाल हो गईं। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के बाद चालक बस से फरार हो गया।