फर्रुखाबाद। सट्टा व जुआ कराने के आरोपी तीन सिपाहियों व एक दीवान की जांच करने गुरुवार को एएसपी कन्नौज विनोद कुमार फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन पहुंचे। यह जांच एडीजी जोन जय नारायण सिंह के आदेश पर हो रही है। एएसपी ने पुलिस लाइन के आरआई (रिजर्व इंस्पेक्टर) समेत कई लोगों से सिपाहियों के बारे में जानकारी की। सवाल पूछे कि आखिर बार-बार इन सिपाहियों की तैनाती एसओजी में क्यों होती रही।
एएसपी ने आरआई किश्वर अली से एसओजी में पूर्व में तैनात रहे सिपाही नवनीत यादव, रवि यादव, निशांत व सर्विलांस में तैनात दीवान सत्येंद्र यादव की तैनाती स्थल के बारे में जानकारी की। इस पर आरआई ने बताया कि सिपाही नवनीत थाना कमालगंज, रवि कोतवाली फतेहगढ़, निशांत थाना शमसाबाद व दीवान सत्येंद्र सर्विलांस सेल में ही तैनात हैं। पूर्व की तैनातियों की जानकारी भी मांगी।
जांच में पूछा कि आखिरकार बार-बार इन्हीं सिपाहियों की एसओजी में तैनाती क्यों की जाती रही। वहीं सर्विलांस में तैनात सत्येंद्र दीवान की ट्रेनिंग में गैर जनपद गया था। उसकी फिर से जिले में सर्विलांस सेल पर कैसे तैनाती की गई। एएसपी ने तैनाती के संबंध में कई और सवाल पूछे।
सूत्रों के अनुसार इन सिपाहियों के खिलाफ शिकायत सीधे शासन से की गई है। कुछ समय पहले एडीजी जोन ने एसपी डॉ. अनिल मिश्रा को जांच करवा कर पूरे प्रकरण में रिपोर्ट मांगी थी। एसपी ने सीओ सिटी मन्नी लाल गौंड को जांच करने के आदेश दिए थे। सीओ ने जांच में सभी को क्लीनचिट दे दी थी। तीन बार एडीजी जोन ने सीओ सिटी की भेजी रिपोर्ट को नकार दिया। इसके बाद एडीजी जय नारायण सिंह ने पूरे मामले की जांच कन्नौज के एएसपी को सौंप दी। एएसपी कन्नौज विनोद कुमार ने बताया कि पूरे मामले में अभी जांच कर रहे है। जांच के बाद रिपोर्ट एडीजी जोन को भेजेंगे।