वैन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, तीन घायल
मोहम्मदाबाद। क्षेत्र के गांव अलावलपुर के निकट हाइवे पर शुक्रवार रात ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक वैन से टकरा गई। इससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसका भाई व वैन चालक सहित तीन लोग घायल हो गए।
जनपद फिरोजाबाद थाना माखनपुर क्षेत्र के गांव नगला अनिरुद्ध निवासी महेश चौहान (36) चचेरे भाई नेत्रपाल के साथ जनपद हरदोई के गांव सिलवारी स्थित ससुराल से घर जा रहा था। गांव अलावलपुर स्थित ढाबे के निकट हाईवे पर ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आई वैन से टकरा गया। हादसे में महेश का हेलमेट टूटने के साथ वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसका चचेरा भाई, वैन चालक बेवर निवासी धर्मेंद्र कुमार व उसका भाई नरेश भी घायल हो गए। राहगीर बेवर निवासी राजीव मिश्रा ने अपनी कार से चारों को सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने महेश को मृत घोषित कर दिया। महेश अपने पीछे पत्नी कांती देवी व चार बच्चों को छोड़ गया है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची।