फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे किनारे विद्युत पोल ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया। इससे आसपास के 50 गांवों और शहर के 30 मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। दिन में हाईवे पर यातायात बाधित न हो इसके पोल बदलने का काम नहीं हो पाया। देर रात तक बिजली गुल रही।
बेवर रोड भोलेपुर स्थित ट्रांसमिशन से जमसई विद्युत उपकेंद्र को 33 केवी लाइन गई है। हाईवे पर सेंट्रल जेल चौराहा के पास 33केवी लाइन का पोल लगा है। शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे ट्रक ने पोल में टक्कर मार दी। इससे उपकेंद्र से बिजली आनी बंद हो गई। रविवार को गंगा स्नान के कारण हाईवे पर बार-बार जाम की स्थिति बनने से पोल लगाने और तारों को जोड़ने का काम नहीं हो पाया। देर शाम तक उपकेंद्र ठप रहने से शहर के मोहल्ला और ग्रामीण इलाकों की बिजली गुल रही। कई मोहल्लों में पानी का भी संकट बना हुआ है।
अमृतपुर। लोकल फाल्ट और रोस्टिंग से गंगापार क्षेत्र के तीन सौ गांवों को बिजली नहीं मिल पा रही है। रविवार को लाइन में फाल्ट के कारण दो घंटे बिजली बंद रही। इसके बाद रोस्टिंग से गांवों की बिजली बंद हो गई। देर शाम गांवों में आपूर्ति शुरू हुई।
बारिश और तेज हवा के कारण शनिवार को 33 केवी लाइन में फाल्ट होने से गंगापार क्षेत्र के अमृतपुर, सलेमपुर, राजेपुर और तहसील विद्युत उपकेंद्र पूरे दिन ठप रहे। इससे तीन सौ गांवों की बिजली बंद रही। देर रात आपूर्ति शुरू होते ही रोस्टिंग के कारण फिर से कटौती कर दी गई। रविवार को दिन में 11 बजे लाइन में खराबी आने से चारों विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों की बिजली गुल हो गई। एक बजे फाल्ट ठीक होने पर आपूर्ति शुरू हुई। डेढ़ बजे रोस्टिंग से गांवों की बिजली फिर गुल हो गई। देर शाम बिजली आने पर गांवों को बिजली दी गई।