कमालगंज। उस्मानगंज गांव के 100 घरों में 10 दिन और महरूपुर राबी गांव के 70 घरों की बिजली पांच दिन से गुल है। इन गांवों में लगे 25-25 केवीए के ट्रांसफार्मर फुुंक गए है। इनको बदलने के लिए विभागीय कर्मचारियों से कहा गया, लेकिन लापरवाही के चलते ट्रांसफार्मर नहीं बदले गए। इससे 170 घरों की बिजली गुल चल रही है।
क्षेत्र के गांव उस्मानगंज में प्राथमिक विद्यालय के पास 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। इस ट्रांसफार्मर से गांव के सक्सेना मोहल्ला सहित 100 घरों में बिजली जाती है। करीब 10 दिन पूर्व ट्रांसफार्मर किसी कारण फुंक गया था। इससे इन घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों ने लाइनमैन से कई बार शिकायत की लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला। रविवार को निर्वाचित प्रधान बेबी ने अवर अभियंता कमालगंज को ट्रांसफार्मर बलवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि लाइट न आने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उधर महरुपुर राबी गांव के पास पाल बस्ती में लगा 25 केवीए ट्रांसफार्मर बीते पांच दिन पूर्व फुक गया था। जिससे बस्ती के करीब 70 घरों की आपूर्ति ठप है। गांव के ही शिवम कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने से काफी समस्या हो रही है। विद्युत कर्मचारियों से ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत की। कर्मचारियों ने कहा कि ठीक होने में करीब पांच दिन लगेंगे। अवर अभियंता सुजीत कुमार गिरी ने बताया जांच कराकर जल्द ही ट्रांसफार्मर ठीक कराए जाएंगे।