फर्रुखाबाद। बिजली बिल के बकायेदार उपभोक्ताओं को ब्याज में छूट देने को सरकार ने एक और मौका दिया है। एक मुश्त समाधान योजना के तहत पंजीकरण व बिल जमा करने के लिए 15 अप्रैल तक की तारीख बढ़ा दी है। अभी तक 207699 बकायेदार उपभोक्ताओं में से 28602 ने पंजीकरण कराकर भुगतान किया है।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के घरेलू व निजी नलकूप उपभोक्ताओं के बिजली बिल एक साथ भुगतान करने पर ब्याज में शत प्रतिशत छूट देने के लिए एक मुश्त समाधान योजना 31 मार्च तक थी। बकायेदार उपभोक्ता पंजीकरण कराकर भुगतान के दौरान ब्याज माफी का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। विद्युत वितरण मंडल फर्रुखाबाद क्षेत्र के शहरी, ग्रामीण व कायमगंज खंड के क्षेत्र में 207699 उपभोक्ताओं पर 334.48 करोड़ रुपये की बकायेदारी है।
इनमें से 28602 उपभोक्ताओं ने 31 मार्च तक पंजीकरण कराकर 37.95 करोड़ रुपये जमा कर योजना का लाभ लिया। एक्सईएन शहरी आरबी यादव ने बताया कि अभी भी 179097 उपभोक्ताओं पर 296.53 करोड़ रुपये बिजली बिल की बकायेदारी है।