भारतीय स्टेट बैंक में एक हजार और 500 रुपये की करेंसी आरबीआई से प्राप्त न होने के कारण एटीएम में बड़े नोटों का टोटा हो गया है। इसके चलते अधिकांश एटीएम बंद हो गए हैं। उपभोक्ता एटीएम तक जाकर वापस लौट रहे हैं। एटीएम में पैसा न होने के कारण कई लोगों के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।
बैंक अफसरों का कहना है कि यह स्थिति केवल फर्रुखाबाद में ही नहीं है, बल्कि कन्नौज, हरदोई तथा अन्य आसपास के जिलों में भी उत्पन्न हो गई है। फर्रुखाबाद और कन्नौज जिले की सभी शाखाओं में एक हजार और 500 के नोट खत्म हो गए हैं। आरबीआई से यह करेंसी अभी तक प्राप्त नहीं हुई है।
बैंक अधिकारियों का कहना है कि यह स्थिति अभी कई दिन तक रहेगी। उनका कहना है कि 100-100 के नोट एटीएम में कितने भरे जा सकते हैं। जिस एटीएम में 20-25 लाख रुपये भरे जाते थे। बड़ी करेंसी न होने के कारण अब उस एटीएम में मुश्किल से पांच लाख नोट भर पा रहे हैं। इस वजह से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी हो रही है।
बैंक अधिकारी लगातार आरबीआई से संपर्क साधे हुए हैं। पिछले चार दिन से उपभोक्ता एटीएम के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हें एटीएम से पैसा नहीं मिल पा रहा है। बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन कानपुर परिक्षेत्र के मंत्री विजय अवस्थी का कहना है कि आरबीआई से शीघ्र ही करेंसी प्राप्त होने की उम्मीद है।