सरकारी पिस्टल लेकर घर गए दरोगा को एसपी ने निलंबित कर दिया। फिरोजाबाद के एएसपी ने दरोगा की पिस्टल को कब्जे में कर फतेहगढ़ एसपी से वार्ता की। एसपी ने बीबीगंज चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया। वहीं एसपी ने कायमगंज कोतवाली के हेडकास्टेबिल और सिपाही को भी निलंबित कर दिया गया।
थाना मऊदरवाजा के बीबीगंज चौकी प्रभारी योगेंद्र शर्मा 30 नवंबर को अवकाश लेकर अपने घर फिरोजाबाद गए थे। चौकी प्रभारी नियम विरुद्ध तरीके से थाने से सरकारी पिस्टल और कारतूस लेकर घर चले गए थे। योगेंद्र शर्मा के परिवार वालों का किसी से वहां पर विवाद हो गया।
इस पर चौकी प्रभारी सरकारी पिस्टल लेकर वहां पर पहुंच गए। इसकी जानकारी होने पर फिरोजाबाद के एएसपी ने मौके पर पहुंच कर पुलिस से चौकी प्रभारी की पिस्टल को कब्जे में करा लिया था। इसकी जानकारी फिरोजाबाद के एएसपी ने फतेहगढ़ एसपी को दी ।
6 नवंबर को चौकी प्रभारी ने थाने आकर अपनी आमद कराई। एसपी सुभाष सिंह बघेल ने चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया। उधर, मऊदरवाजा थाना प्रभारी संजीव राठौर ने बताया कि इसकी जानकारी मिलने पर थाने से दरोगा को भेजा गया था। वहां से सरकारी पिस्टल को मंगवा लिया गया है।
उधर, कायमगंज कोतवाली में तैनात हेड कास्टेबिल रमेश सोलंकी और सिपाही रोहित कुमार को एसपी ने निलंबित कर दिया । एसपी ने बताया कि दो पक्षों के बीच हुए विवाद पर दोनों सिपाही मौके पर पहुंचे और मारपीट कर दी।