कंपिल। थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात एक घर में घुसे युवक को ग्रामीणों ने दबोच लिया। उसकी जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक व उसके भाई को थाने ले गई। बाद में पुलिस ने नाबालिग बताकर दोनों को छोड़ दिया। युवक का एक किशोरी से प्रेम-प्रसंग की भी चर्चा रही।
क्षेत्र के ही एक गांव में रात करीब 9 बजे ग्रामीणों ने युवक को नजरें बचाकर एक घर में घुसते देख लिया। शक होने पर ग्रामीण भी उस घर में घुस गए तो युवक छिप गया। इस पर ग्रामीणों ने ढूंढकर पकड़ लिया और धुनाई कर दी। इस दौरान युवक का भाई भी मौके पर पहुंच गया। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक व भाई को पकड़कर थाने ले गई। कुछ देर बाद पुलिस ने युवक को नाबालिग बताते हुए हिदायत देकर परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पकड़ा गया युवक चाट की ठेली लगाता है और उसका नाम वोटर लिस्ट में भी दर्ज है। वह किशोरी से मिलने के इरादे से घर में घुसा था। पुलिस युवक को बचाने के प्रयास में नाबालिग बताकर छोड़ दिया। जबकि युवक पूरी तरह बालिग है। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि ग्रामीणों ने चोरी के प्रयास की सूचना थी, लेकिन किसी ने भी लिखित तहरीर नहीं दी। नाबालिग होने की वजह से दोनों को पूछताछ के बाद हिदायत देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।