कंटेनमेंट जोन से हटाईं बल्लियां, नहीं रुक रही आवाजाही
कायमगंज। नगर के कंटेनमेंट जोन की लोगों बल्लियां हटा दी हैं। इससे लोग आराम से आ जा रहे हैं। बाइक सवार भी इधर-उधर घूमते रहते हैं। कुछ दुकानें भी खुली रहती हैं। एसडीएम ने सख्ती के निर्देश दिए हैं।
नगर के मोहल्ला पाठक में एक सप्ताह में तीन लोग कोरोना पॉजिटिव निकल चुके हैं। इसी मोहल्ले में 29 जून को युवक की शादी होनी थी। इसमें जिला रामपुर से आई बहन व भांजे के संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने आसपास के मोहल्ले सहित चौकी से लेकर चौक चौराहे तक कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया।
चौक चौराहा व चौकी के पास तो पुलिस तैनात है, मगर गलियों में लगी बल्लियों के पास पुलिस नहीं है। नई बस्ती से सदबाड़ा जाने वाली गली, बजरिया वृंदावन से बजरिया मार्केट, आर्य समाज वाली गली, लोहाई बाजार वाली गली की बल्लियां लोगों ने हटा दीं हैं। ये आराम से बाइकों से कंटेनमेंट जोन घूम रहे हैं। हालांकि पुलिस गश्त कर लोगों को घरों में रहने की हिदायत दे रही है, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हैं।
एसडीएम अमित आसेरी ने बताया कि महामारी से निपटने में आम जनता का सहयोग जरूरी है। कंटेनमेंट जोन में नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। इधर फर्रुखाबाद शहर के भी कंटेनमेंट जोन में भी सख्ती नहीं हो रही है। लोग आराम से आ जा रहे हैं।
कंटेनमेंट जोन में कहीं खुली तो कहीं बंद हैं दुकानें
कायमगंज। कोरोना मरीज मिलने के बाद नगर का मुख्य बजरिया मार्केट भी सील है। यहां जरूरत के हर सामान की बड़ी दुकानें हैं। इसलिए यहां अधिक भीड़ रहती थी। यहां कई बड़े मेडिकल स्टोर भी हैं। हॉटस्पॉट एरिया घोषित होने के बाद वह भी बंद हो गए हैं।
अब यह केमिस्ट अपनी दुकानें 21 दिन के लिए दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी में हैं। शुक्रवार क कंटेनमेंट जोन में कुछ दुकानदार आधा शटर ऊपर किए मिले तो अधिकांश दुकानें बंद रहीं। जिनकी दुकानें बंद हो गईं उन्हें खुली दुकानों पर एतराज भी है।