बस की टक्कर से बारातियों से भरा लोडर पलट गया। इसमें 14 बाराती घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक बस समेत भाग निकला।
पड़ोसी जिला मैनपुरी के कसबा दन्नाहार के अमर सिंह के बेटे रामू की शादी थाना अमृतपुर के गांव कुड़री निवासी राजकुमार की बेटी से तय हुई थी। मंगलवार को रामू की बारात अमृतपुर आई थी। कुछ बाराती लोडर से देर रात को ही घर लौट रहे थे।
थाना राजेपुर के गांच चाचूपुर के पास तेजरफ्तार बस ने साइड से लोडर में जोरदार कट मार दिया। इससे लोडर बेकाबू होकर गड्ढे में जाकर पलट गया। लोडर में सवार बारातियों उसमें दब गए। जैसे तैसे कुछ बाराती बाहर निकले और अन्य बारातियों को बाहर निकाला।
इसकी जानकारी होने पर गांव के लोग भी आ गए। घटना की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां पर गंभीर घायल नंदकिशोर को सैफई मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया।
तड़के तक सभी बाराती अस्पताल से छुट्टी कराने के बाद अपने अपने घरों को चले गए। मामले की रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई गई है।