फर्रूखाबाद। कोरोना संक्रमण को देखते हुए बैंकों में ग्राहकों के काम का समय कम कर दिया गया है। अब सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक ग्राहकों के काम होंगे। इसके बाद बैंक में विभागीय काम होंगे। चार बजे तक बैंक को बंद कर दिया जाएगा। प्रतिदिन 50 प्रतिशत कर्मचारियों को बैंक में बुलाया जाएगा। यह व्यवस्था 15 मई तक लागू रहेगी।
अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक डीएन पाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। इससे बैंक में भीड़ होने से कर्मचारियों के संक्रमित होने का डर बना हुआ है। इस कारण बैंक में 50 प्रतिशत कर्मचारियों को बुलाने और जनता के आवश्यक कार्य करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि बैंकों में सुबह दस से दो बजे तक जनता के विशेष कार्य जैसे कैश जमा होेना, निकासी, चेक क्लीयरिंग, आरटीजीएस व एनईएफटी के माध्यम से पैसे ट्रांसफर होने का काम होगा। यह व्यवस्था 15 मई तक लागू रहेगी। अति आवश्यक कार्य होने पर ही खाताधारक बैंक में आएं।