फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को पर्यटन मंत्री व जिले के प्रभारी जयवीर सिंह ने विकास कार्यों की समीक्षा की। कहा कि पर्यटन विभाग बाबा नीबकरोरी सर्किट बनाने जा रहा है। इससे बाबा नीबकरोरी धाम सीधे लखनऊ व दिल्ली से जुड़ेगा। प्रभारी मंत्री ने इटावा-बरेली हाईवे की खराब गुणवत्ता की कमेटी से जांच कराने के आदेश दिए।
जिले के प्रभारी व पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि पर्यटन विकास निगम बाबा नीबकरोरी सर्किट बनाएगा। इससे यहां से तीर्थयात्रा के लिए बुकिंग कर लोगों को तीर्थों के दर्शन करने की सुविधा मिलेगी। सर्किट बनने से बाबा नीबकरोरी जिन स्थानों पर मंदिर, जैसे कैंचीधाम, मथुरा, फिरोजाबाद आदि तीर्थस्थलों की यात्रा आसान होगी। नीबकरोरी को को सीधे लखनऊ व दिल्ली से जोड़ने के लिए जरूरत के अनुसार फोरलेन हाईवे बनेगा। बाबा नीबकरोरी सर्किट बनने से पर्यटन विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। कनेक्टिविटी बढ़ने से जिले के विकास की भी राह आसान होगी। इटावा-बरेली हाईवे की खराब गुणवत्ता, रोशनी की व्यवस्था न होने और दुर्घटनाएं बढ़ने को लेकर प्रभारी मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने हाईवे की जांच दोबारा कमेटी बनाकर कराने के निर्देश दिए। इस पर एनएचएआई के अधिकारियों ने कुछ अधूरे कार्य पूरे करने के लिए मार्च तक का समय मांगा है। प्रभारी मंत्री ने संकिसा में पर्यटन विकास के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर भी जानकारी ली। उन्होंने भूमि न मिलने पर सर्किल रेट बढ़ाने का भी इशारा किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को जिले में निर्माणाधीन सभी कार्य निर्धारित समय में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अधीक्षण अभियंता को जांच में सहयोग करने के निर्देश
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि तत्कालीन अधीक्षण अभियंता अजय कुमार को कर्मचारियों के मनमाने स्थानांतरण, टेंडर में गोलमाल और आउटसोर्स कर्मियों को नियम विरुद्ध तरीके से छंटनी करने के मामले में निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ आरोपों की अभी जांच चल रही है। कमेटी को जांच के लिए पत्रावलियां उपलब्ध नहीं कराई गईं। प्रभारी मंत्री ने अधीक्षण अभियंता यादवेंद्र सिंह को जांच में सहयोग करते हुए कमेटी को पत्रावलियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की योजनाओं में जलनिगम ग्रामीण, एंबुलेंस सेवा, कन्या सुमंगला योजना आदि योजनाओं की रैंकिंग बेहद खराब होने पर सुधार की चेतावनी दी। इस दौरान विधायक डॉ. सुरभि की शिकायत पर मंत्री ने कन्या सुमंगला योजना का प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, स्वीकृतिपत्र आदि वितरित किए। सीडीओ को पंचायती राज विभाग के 15वें वित्त आयोग में बी रैंक आने पर खुद पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, सुशील शाक्य, नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, सीडीओ विनोद कुमार गौड़ आदि मौजूद रहे।