जहानगंज रोड पर मिट्टी लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। पुलिस से साठगांठ कर सेंट्रल जेल चौकी व जहानगंज थाना क्षेत्र में धड़ल्ले से मिट्टी का अवैध खनन हो रहा है। पूरे दिन चौकी के सामने से मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्रालियां निकलती रहतीं हैं। पुलिस व प्रशासन आंखें मूंदे रहता है।
फतेहगढ़ कोतवाली की चौकी सेंट्रल जेल के क्षेत्र में जगह-जगह मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। एक जनप्रतिनिधि का भतीजा खनन माफिया का पार्टनर है। इससे कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। चौकी के सामने से पूरे दिन मिट्टी भरी ट्रैक्टर ट्रालियां निकलतीं हैं। कुछ माह पहले एसडीएम सदर की सूचना पर नायब तहसीलदार रवींद्र कुमार ने चार ट्रैक्टर ट्राली व दो डंपर खनन करते पकड़ लिए थे। उन्होंने खनन माफिया व उनके गुर्गों पर मामला दर्ज कराया था। आरोपियों ने सिपाहियों को धमकाकर वाहन चौकी से छुड़वा लिए थे। किरकिरी के बाद पुलिस ने दूसरे दिन सभी ट्रैक्टर ट्राली व डंपर खाली कराकर सीज कर दिए थे। खनन अधिकारी ने इन वाहनों से खनन न होने की क्लीन चिट दे दी। तबसे खनन माफिया के हौसले बढ़े हैं। बुधवार को मिट्टी भरी ट्रैक्टर ट्राली सेंट्रल जेल के पास से गुजरतीं दिखीं। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि अवैध खनन की सूचना मिलेगी तो खनन अधिकारी के साथ मिलकर कार्रवाई करेंगे।