फर्रुखाबाद। सातनपुर मंडी में गुरुवार को द्वितीय चरण के मतदान के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। डीएम ने कहा कि गांव की पार्टीबंदी से मतदान कर्मचारियों को बचना होगा।
गुरुवार को सातनपुर मंडी में ग्राम पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मतदान कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव के चुनाव में पार्टी बंदी चरम पर होती है। इससे सभी कर्मचरियों को बचना होगा।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्वक और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में पहले हुए चुनाव में हुईं गलतियों को न दोहराएं। किसी भी समस्या पर उनसे सीधे बात की जा सकती है। एसपी राजेश कृष्ण ने कहा कि सभी चुनाव अधिकारी और कर्मचारी निर्भीक होकर मतदान करवाएं। मतदान केंद्र पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के अलावा सीआरपी और रिजर्व फोर्स को तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। सीडीओ एसएन शुक्ला ने मतदान कर्मियों को मतदान करवाने की बारीकियां समझाई। सीडीओ ने कहा कि मतदान करवाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के बताए हुए विकल्पों में से किसी एक को देखकर ही मतदान करवाएं। परियोजना निदेशक डा. डीआर विश्वकर्मा और आईटीआई के प्रधानाचार्य ने कर्मचरियों के पूछे गए सवालों के उत्तर दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीडीओ भगवती चरण वर्मा आदि मौजूद रहे।