समर्थक अधिवक्ताओं के साथ विजेता पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
तहसील सदर बार एसोसिएशन के चुनाव में अतर सिंह कटियार ने प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी को 24 मतों से हराकर अध्यक्ष पद पर विजय हासिल की। रविनेशचंद्र यादव ने सचिव और ओमप्रकाश दुबे ने उपाध्यक्ष पद का चुनाव जीत कर दोबारा जीत दर्ज की। चुनाव अधिकारी ने मतगणना के बाद शाम को परिणाम की घोषणा की। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने विजेताओं को फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
तहसील सदर बार एसोसिएशन के पदों पर मतदान गुरुवार सुबह 10 बजे से अधिवक्ता कक्ष में निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर कटियार की देखरेख में हुआ। 123 सदस्यों में से 122 ने वोट डाले। 3 बजे के बाद से वोटों की गिनती शुरू हुई। इसमें अध्यक्ष पद पर अतर सिंह कटियार 56 वोट पाकर विजयी हुए। इनके प्रतिद्वंद्वी जनार्दनदत्त राजपूत को 32, दयाशंकर तिवारी और रामसनेही उर्फ मुन्ना यादव को 16-16 वोट मिले।
सचिव पद पर रविनेश चंद्र कटियार ने 67 वोट प्राप्त कर विजय हासिल की। यह पिछली बार भी सचिव रहे थे। इनके प्रतिद्वंद्वी रामेन्द्र कटियार को 42, अजय प्रताप सिंह को 12 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर ओम प्रकाश दुबे ने 61 मत प्राप्त कर दोबारा जीत हासिल की। इनके प्रतिद्वंद्वी संजय चावला को 48, संजय को 8 वोट मिले। संयुक्त सचिव पद पर विकास सक्सेना ने 46 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की। इनके प्रतिद्वंद्वी उमाशंकर सक्सेना को 31, दिलीप सक्सेना को 26, रंजन शाक्य को 14 मत ही मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर पदमेश रंजन ने 94 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की। पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर जगवीर सिंह ने 70 वोट प्राप्त कर संतोष राजपूत को पराजित किया। आडिटर पद पर अतुल कुमार निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। सदस्य पदों के लिए किसी ने नामांकन नहीं कराया था। इस कारण सदस्यों का चुनाव नहीं हुआ। चुनाव संपन्न कराने में निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर कटियार के साथ अनीस सिंह, राकेश सक्सेना, नरेश गुप्ता मौजूद रहे।