पिता का शव लेकर जा रहे भाइयों पर हमला
फर्रुखाबाद। आवास विकास स्थित निजी अस्पताल ने मरीज को ऑक्सीजन देने के नाम पर 46 हजार रुपये ले लिए। इलाज के दौरान मरीज की मंगलवार दोपहर को मौत हो गई। इस पर मृतक के परिजनों की अस्पताल के कर्मचारियों से मारपीट हो गई। मृतक के बेटों ने शव लेकर घर जाते समय अस्पताल के डॉक्टर-कर्मियों पर पीटने और लूटने का आरोप लगाया। अस्पताल प्रबंधन ने भी लूट का आरोप लगाया है।
नवाबगंज के गांव मिल्क सुल्तान निवासी शेर सिंह (65) को सांस लेने में दिक्कत होने पर पुत्र जसवीर ने माडर्न अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि अस्पताल संचालक ने ऑक्सीजन के नाम पर उनसे पहले 21 हजार, फिर 25 हजार रुपये जमा करवा लिए। इसके बावजूद कुछ ही देर ऑक्सीजन लगाई। इस दौरान शेर सिंह की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
इसके बाद परिजन दोपहर को शव लेकर चले गए। आरोप है कि जसमई दरवाजा के पास पहुंचने पर एक कार से आए छह लोगों ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से जगवीर, उसके भाई विश्वनाथ, चचेरे भाई अनिल व रामबख्श को बुरी तरह पीटा और भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। जसवीर ने अस्पताल के एक डॉक्टर व कर्मचारी के खिलाफ मारपीट करने, दो लाख 70 हजार रुपये और मोबाइल लूटने का आरोप लगाया।
दूसरी ओर अस्पताल संचालक सौरभ चौहान ने बताया कि प्रबंधन ने ऑक्सीजन न होने से मरीज को भर्ती करने से मना कर दिया था। प्राथमिक उपचार के तौर पर एक इंजेक्शन लगाया गया था। हालत नाजुक होने से मरीज की मौत हो गई तो परिजन हमलावर हो गए और अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। उनके प्रधान पद के प्रत्याशी भाई के साथ जसमई में मारपीट भी की गई।
आरोपी उनके अस्पताल से दो लाख रुपये व आईफोन भी लूट ले गए। वह घटना की तहरीर शहर कोतवाली में देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। मऊदरवाजा थानाध्यक्ष जेपी शर्मा ने बताया कि इलाज के रुपये को लेकर विवाद हुआ है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पीड़ितों ने तहरीर दे दी है।