नवाबगंज। कस्बा में थाने के सामने स्थित तालाब की भूमि से पूरी तरह अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके बाद उसका सुंदरीकरण किया जाएगा। शनिवार को समाधान दिवस में शिकायत होने पर कुछ भाग से अतिक्रमण हटा दिया गया था।
नवाबगंज थाने के सामने लगभग डेढ़ बीघा जमीन तालाब की जमीन पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया था। शनिवार थाने में हुए समाधान दिवस में कस्बा निवासी सुशील कुमार गुप्ता ने एसडीएम कायमगंज गौरव शुक्ला से इसकी शिकायत की थी।
इस पर एसडीएम ने लेखपाल जगदीप यादव को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। शनिवार शाम को लेखपाल ने पुलिस के साथ मौके पर जाकर तालाब की जमीन पर डाले गए टिनशेड व झोपड़ी आदि हटवा दिया था। शाम को एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति, एसडीएम गौरव शुक्ला व सीओ मोहम्मदावाद राजवीर सिंह गौर ने मौके पर जेसीबी को मंगवाकर तालाब की भूमि को चिह्नित कराने के बाद खोदाई करानी शुरू कर दी थी।
पूरी भूमि से अतिक्रमण नहीं हट सका था। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि सुशील ने एसडीएम जिस विवादित भूमि की शिकायत की थी। उससे अतिक्रमण हटा दिया गया है। अब जल्द ही तालाब की बाकी भूमि से भी अतिक्रमण हटाया जाएगा। बाद में उसका सुंदरीकरण करा दिया जाएगा।