फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल में पीआईसीयू के 40 बेड करने के लिए 20 बेड आइसोलेशन वार्ड में बढ़ाए जाएंगे। सीएमओ ने औचक निरीक्षण किया। व्यवस्थाएं देखीं और शीघ्र ही बच्चों के इलाज के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल नॉन कोविड अस्पताल है। मगर शासन के निर्देश के बाद यहां कोरोना की संभावित तीसरी लहर में पॉजिटिव बच्चों के इलाज के लिए 20 बेड का पीआईसीयू बना दिया गया है। अब इसे 40 बेड का किया जाएगा। 20 अन्य बेड बढ़ाने के लिए सीएमओ डॉ. सुरेश चंद्रा ने आइसोलेशन वार्ड का सोमवार को निरीक्षण किया।
आइसोलेशन वार्ड प्रभारी डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि फिलहाल 14 बेड हैं। उन्होंने कहा कि यदि इसे पीआईसीयू बनाया जाएगा, तो आइसोलेशन के लिए दिक्कत होगी। इस पर सीएमओ ने कहा कि यहां 20 बेड का पीआईसीयू बनाया जाएगा। आइसोलेशन की व्यवस्था दूसरी जगह की जाएगी। इस दौरान प्रभारी सीएमएस डॉ. वीके दुबे आदि अधिकारी मौजूद रहे।