कमालगंज । एसडी इंटर कॉलेज पाहला के कक्षा नौ के छात्र अश्वनी पाल अपनी तेज गेंदबाजी का जलवा अंडर 17 वर्ग के राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बिखेरेंगे। उनका चयन कानपुर मंडल की टीम में हुआ है।
क्षेत्र के मकरंदनगर बसहा गांव निवासी पिता मुकेश चंद्र व मां ममता के बेटे अश्वनी पाल 10 साल की उम्र से ही अपने गांव में तेज गेंदबाजी का अभ्यास करने लगे थे। जनपद स्तर पर ब्रह्मदत्त स्पोर्ट्स स्टेडियम और फिर 12 अक्तूबर को कानपुर में हरसहाय इंटर कॉलेज खेल मैदान में ट्रायल के बाद उनका मंडलीय टीम में चयन हुआ है। अभिनव के पिता मुकेश ने बताया कि अश्वनी को उन्होंने हरियाणा के गुरुग्राम में चार माह रहकर तेज गेंदबाजी का प्रशिक्षण दिलाया है। एसडी इंटर कॉलेज पाहला के डायरेक्टर नरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि अश्वनी क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी क्रिकेट का अभ्यास करा रहा है। कॉलेज के व्यायाम शिक्षक लखन ने बताया कि वह तेज गेंदबाजी में अभी भी 110 से 115 किलोमीटर की रफ्तार निकाल रहा है। डीपीबीपी फर्रुखाबाद के पीटीआई व क्रिकेट कोच अर्जुन प्रताप सिंह ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता कानपुर में इसी माह होगी, जिसमें मंडलीय टीम में अभिनव पर खास निगाहें रहेंगी। (संवाद)