फर्रुखाबाद। प्रथम तिलक वशिष्ठ मुनि कीन्हा, पुनि सब बिप्रन्ह आयसु दीन्हा... मानस की इन चौपाइयों के सस्वर पाठ के बीच जैसे ही श्रीराम के राज्याभिषेक की लीला आगे बढ़ी, रामनिवास जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। शुक्रवार देर शाम श्री रामलीला कमेटी फतेहगढ़ की ओर से सब्जी मंडी स्थित रामनिवास में आयोजित कार्यक्रम में श्रीराम के राजा बनते ही श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रामदरबार के स्वरूपों की आरती उतारी। भक्ति और उल्लास के बीच श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक के साक्षी बने।
लीला देखने के लिए शाम से ही रामनिवास में लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रीराम माता जानकी और अनुज लक्ष्मण के साथ मंच पर पहुंचे तो भक्तों ने जयकारे लगाने शुरू कर दिए। रामदरबार में भरत, शत्रुघ्न और वीर हनुमान के स्वरूप भी विराजमान रहे। सजे हुए दरबार में प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
मानस की चौपाइयों के बीच राज्याभिषेक की रस्म पूरी की गई। श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के आदर्शों का स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा ली। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस मौके पर श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रवीश द्विवेदी, महामंत्री पंकज अग्रवाल, चमन टंडन, मुन्ना लाल वार्ष्णेय, पंकज प्रकाश सहित कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।