फर्रुखाबाद। एनओसी, वाहन ट्रांसफर से लेकर अन्य सात काम भी अब एआरटीओ कार्यालय में ऑनलाइन होंगे। फीस जमा व प्रपत्र अपलोड करने के बाद विभाग से ही भौतिक सत्यापन के लिए तारीख दी जाएगी। इसके अलावा इन सभी कामों के प्रपत्र भी विभाग के पास हमेशा रिकार्ड में रहेंगे।
एआरटीओ कार्यालय में फर्जीवाड़ा रोकने को अन्य जिलों से एनओसी लेकर आने वाले वाहनों व वाहन ट्रांसफर की फाइलें मंगलवार से ऑनलाइन अपलोड होंगी। फीस जमा करते ही वाहन के भौतिक सत्यापन के लिए विभाग से तारीख मिल जाएगी।
नियत तारीख पर वाहन मालिक को अपने वाहन व मूल प्रपत्र लेकर कार्यालय में आना होगा। इसके अलावा वाहन स्वामी की मृत्यु के बाद वाहन के ट्रांसफर का काम, नीलामी की दशा में क्रय किए गए वाहन के स्वामित्व हस्तांतरण का काम, वाहन के पंजीयन के नवीनीकरण का काम, वाहन के प्रति अनापत्ति जारी करने का काम,पंजीयन पुस्तिका में पता परिवर्तन, दूसरी कॉपी जारी करने का काम भी अब ऑनलाइन ही होगा।
आरआई जीवन कुमार ने बताया कि नौ काम आनलाइन करने के लिए सिस्टम में प्रोग्राम अपलोड कर दिया गया है। इससे रिकार्ड भी पूरी तरह सुरक्षित और कभी भी देखा जा सकेगा।