फर्रुखाबाद। पंजीयन व लाइसेंस की फाइलें कबाड़ में पड़ी देख एआरटीओ कन्नौज ने कर्मचारियों की फटकार लगाई। उन्होंने ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में सभी रिकार्ड सही से लगाने के आदेश दिए। इसके लिए बजट भी मुहैया कराने का भरोसा दिया। वे सप्ताह में बुधवार व शुक्रवार को फर्रुखाबाद के एआरटीओ कार्यालय में बैठेंगे। उन्होंने वाहन पंजीयन की जिम्मेदारी आरआई को दी है।
एआरटीओ कन्नौज संजय झा को शासन ने फर्रुखाबाद एआरटीओ की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी है। सोमवार दोपहर उन्होंने ने एआरटीओ कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यालय के प्रागंण में पंजीयन व लाइसेंस का रिकार्ड कबाड़ में पड़ा देखकर एआरटीओ ने कर्मचारियों से नाराजगी जताई। एआरटीओ ने मकान मालिक को बुलवाकर दो दिन में कमरे में लाइट व दरवाजे लगवाने को कहा।
कार्यालय के विभिन्न पटलों पर काम करने वाले कर्मचारियों को कक्ष में बुलाकर जनता का काम समय से करने के आदेश दिए। आरआई जीवन कुमार से वाहनों की फिटनेस करने तरीका पूछा और निर्देश दिए कि फिटनेस का प्रमाण पत्र देते समय सावधानी बरतें। सभी पटलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को कानपुर आरटीओ कार्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए।
कंप्यूटर पर काम न करने वाले को चेतावनी
एआरटीओ कन्नौज को लिपिक भीम कात्यान सोमवार को बिना अवकाश लिए अनुपस्थित मिले। इस पर एआरटीओ ने रजिस्टर पर लिपिक के बिना अवकाश गायब रहने की बात लिखकर जवाब-तलब किया है। वहीं लिपिक हंसराज के कंप्यूटर पर काम न करने पर नाराजगी जाहिर की। एआरटीओ ने कहा कि तीन वर्ष से कंप्यूटर सीखने का भरोसा दे रहे हैं पर आज तक कंप्यूटर चलाना नहीं सीख पाए। ऐसे में काम न करने पर शासन में लिपिक को चपरासी के मूलपद पर वापस भेजने की चेतावनी दी है।