फर्रुखाबाद। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को लगे मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में बदलते मौसम के चलते बुखार व खुजली के मरीजों की संख्या अधिक रही। कई पीएचसी पर एलटी न होने से मरीजों की जांच नहीं हो सकी।
जनपद में शहर के छह व ग्रामीण क्षेत्र के 28 पीएचसी पर आरोग्य मेला लगा। बदलते मौसम के चलते अस्पतालों में बुखार व बाढ़ क्षेत्र में खुजली, त्वचा संबंधी बीमारी के मरीज बढ़े हैं।
नगरीय पीएचसी आईटीआई व नवदिया में एलटी की तैनाती न होने से किसी मरीज की जांच नहीं हो सकी। पीएचसी रमन्ना गुलजार बाग की व्यवस्थाओं में सुधार आया। यहां डॉ. ऋषिनाथ गुप्ता व फार्मासिस्ट अरविंद यादव ने 60 मरीज देखकर दवा दी। बाढ़ क्षेत्र होने से यहां बुखार के पांच व खुजली के 18 मरीज पहुंचे।
शमसाबाद क्षेत्र के पीएचसी फैजबाग में डॉक्टर न पहुंचने से फार्मासिस्ट वीरेंद्र राजपूत ने 65 मरीज देखकर दवाई दी। एलटी अलका 11 मरीजों की जांच की। पीएचसी चिलसरा में डॉ.वैभव यादव ने 75 मरीज देखे। सर्वाधिक मरीज बुखार व खुजली के रहे।
नवाबगंज क्षेत्र के पीएचसी खलवारा में डॉ.जसवीर सिंह ने 64 मरीज देखे। अधिकांश मरीज बुखार के थे। 15 मरीजों की टाइफाइड, मलेरिया व पांच मरीजों को डेंगू की जांच हुई। हालांकि रिपोर्ट सभी की निगेटिव रही। फार्मासिस्ट प्रेम रंजन व एलटी आज्ञाराम आदि मौजूद रहे।
वार्ड बॉय मरीजों को बांट रहा दवाई
कंपिल क्षेत्र के पीएचसी बरखेड़ा में डॉ.रजनी ने 41 मरीज देखे। एलए अनूप कुमार ने पांच मरीजों की जांच की। वार्ड बॉय शैलेंद्र कुमार ने दवाई वितरित की। स्टॉफ नर्स दीक्षा राठौर मौजूद रही। अस्पताल में बिजली न होने से अंधेरा पसरा था। परिसर में गंदगी व शौचालय भी टूटे पड़े हैं।