फर्रुखाबाद। सेना भर्ती के छठे दिन सोमवार को फर्रुखाबाद सदर के युवकों ने दमखम लगाया। इसमें 561 युवा दौड़ में पास हुए। इस दौरान कुछ युवक ट्रैक पर गिरकर घायल हो गए। भर्ती के दौरान युवाओं के मेडिकल भी होते रहे।
सेना भर्ती बोर्ड बरेली की ओर से राजपूत रेजीमेंट और सिखलाई रेजीमेंट सेंटर पर एआरओ की भर्ती हो रही है। फर्जी कागजातों से पकड़े जा रहे युवकों को देखते हुए सैन्य अधिकारियों ने भर्ती में आए युवकों के प्रमाण पत्रों की गहनता से जांच की। दौड़ परीक्षा के लिए भेजे गए युवकों ने ट्रैक पर जोर लगाया।
इस दौरान कुछ युवक गिरकर घायल भी हुए। दौड़ में 561 पास हुए युवकों का शारीरिक परीक्षण किया गया। बैलेंसिंग, नौ फीट के गड्ढे की कूद, बीम आदि परीक्षाओं से पास होकर युवकों ने बायोमैट्रिक रजिस्ट्रेशन करवाया।
वहीं, सिखलाई रेजीमेंट के स्वीमिंग पूल में लेफ्टीनेंट कर्नल वाई एस यादव के नेतृत्व में डाक्टरों के पैनल ने युवकों के स्वास्थ्य का गहनता से परीक्षण किया। लेफ्टिनेंट कर्नल ने बताया कि फर्रुखाबाद के युवकों में न्यूट्रीशन की कमी देखी जा रही है। 17 से 21 वर्ष के युवकों के शरीर में जो क्षमता होनी चाहिए वह देखने को नहीं मिल रही है। इसी कारण कई युवक स्वास्थ्य परीक्षण में फेल हो रहे हैं। कान में वैक्स आदि समस्याएं युवकों में ज्यादा देखने को मिल रही है।