फर्रुखाबाद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ठंडी सड़क में सोमवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 152 रिक्तियों के लिए साक्षात्कार लिए। मेले में 36 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से साक्षात्कार के आधार पर 28 युवाओं को शिक्षुता प्रशिक्षण के लिए चुना गया।
चयनित अभ्यर्थियों में नगरपालिका परिषद फर्रुखाबाद के लिए सात, रामा ट्रेडर्स मसेनी चौराहा के लिए तीन, शुभम हांडा अमृतपुर के लिए एक, लेंसकार्ट साॅल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड गुरुग्राम के लिए 12 तथा यूपीपीसीएल ग्रामीण भोलेपुर के लिए पांच अभ्यर्थी शामिल हैं। संस्थान के प्रधानाचार्य राजवीर सिंह ने बताया कि कुल 28 अभ्यर्थियों का सफलतापूर्वक चयन किया गया है। मेले में कार्यदेशक बृजेश कुमार, प्लेसमेंट प्रभारी सुनील कुमार, अप्रेंटिस प्रभारी रंजीत कुमार सुमन, विजेंद्र सिंह, राजकिशोर महतो सहित संस्थान के अन्य कार्मिक मौजूद रहे।