अंगूरीबाग से गंगा दरवाजा तक खस्ताहाल पड़ी सड़क समेत कई अन्य सड़कें भी
अप्रैल में हाटमिक्स प्लांट से बनवाई जाएंगी। अमर उजाला की मुहिम के बाद
पालिकाध्यक्ष ने अंगूरीबाग से गंगादरवाजा समेत अन्य सड़कों को हाटमिक्स
प्लांट से बनवाए जाने के लिए स्टीमेट बनाने के निर्देश अधिशासी अधिकारी को
दिए हैं। अप्रैल में इनको बनवाने का काम शुरू होगा।
करीब डेढ़-दो साल से
अंगूरीबाग से लेकर गंगादरवाजा तक की सड़क काफी जर्जर है। इस सड़क को
बनवाने के लिए अंगूरीबाग व्यापार मंडल कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुका है।
अमर उजाला ने 27 फरवरी के अंक में ‘अंगूरीबाग से गंगादरवाजा तक सड़क हुई
खस्ताहाल’ और 2 मार्च के अंक में ‘जर्जर हालत में है खास सड़क’ शीर्षक से
समाचार प्रकाशित किए थे। इन खबरों को संज्ञान में लेते हुए पालिकाध्यक्ष ने
अंगूरीबाग से गंगादरवाजा तक की सड़क को हाटमिक्स प्लांट से बनाए जाने का
निर्णय लिया।
पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने बताया कि इस सड़क के अलावा
नाला मछरट्टा से लिंजीगंज अस्पताल, नाला मछरट्टा स्थित हनुमान मंदिर से
घोड़ा नखास तक, घुमना से नीवाचुअत और त्रिपोलिया चौक से रेलवे स्टेशन तक की
सड़क हाटमिक्स प्लांट से बनाई जाएंगी। इसके लिए पालिका ने स्टीमेट भी
तैयार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि अभी तापमान कम है। हाटमिक्स प्लांट
सड़क बनवाने के लिए 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तापमान की आवश्यकता होती है।
अप्रैल में तापमान सही होता है। इसलिए अप्रैल से इन सड़कों को हाटमिक्स
प्लांट से बनवाया जाएगा। मई तक सड़कें पूरी कर ली जाएंगी। उधर,
अंगूरीबाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश सक्सेना और विद्यानंद आर्य ने
सड़क बनवाने की कवायद शुरू होने के लिए अमर उजाला को धन्यवाद दिया।