मुख्यमार्ग पर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
कमालगंज। महरूपुर राबी गांव और नई बस्ती में बिजली आपूर्ति के लिए लगा 63 केवीए ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली आपूर्ति तीन दिन से ठप है। शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर ग्रामीणों ने रविवार को मुख्यमार्ग पर प्रदर्शन किया। रोजेदारों ने कहा कि अगर ट्रांसफार्मर न बदला गया तो कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करेंगे।
63 केवीए ट्रासंफार्मर से महरूपुर राबी और नई बस्ती में लगभग 150 उपभोक्ताओं को बिजली सप्लाई होती है। 10 जून को फाल्ट के कारण ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे दोनों गांवोें की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
गांव के लोगों ने ट्रांसफार्मर बदलने के लिए उपकेंद्र और डिवीजन कार्यालय में अधिकारियों से कहा। लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। इससे नाराज ग्रामीण और रोजेदारों ने मोहनपुर नई बस्ती जाने वाले मुख्य मार्ग पर रविवार को प्रदर्शन किया।
रोजेदार और ग्रामीणों ने कहा कि बिजली न आने के कारण गांव में पानी संकट है। अगर जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो सभी कलक्ट्रेट पहुंच कर प्रदर्शन करेंगे। एक्सईएन ग्रामीण अमर सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने की जानकारी अवर अभियंता से कर शीघ्र बदलवा दिया जाएगा।