कमालगंज। कमरे में सो रही वृद्ध महिला की चारपाई में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। जलने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह कमरे से धुआं निकलते देख पुत्र ने दरवाजा खोला तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
कस्बा के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी निर्मला देवी (62) पत्नी मनीराम शंखवार घर के बाहरी ओर स्थित एक कमरे में परचून की दुकान चलाती हैं। मंगलवार रात दुकान बंद करने के बाद निर्मला पास के कमरे में चारपाई पर सो गई। बड़ा पुत्र अखिलेश पीछे की ओर बने कमरे में सो रहा था। जबकि, उनके पति मनीराम छोटे पुत्र निर्दोष के साथ लोहिया नगर स्थित दूसरे घर पर थे। देर रात निर्मला की चारपाई में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई।
आग की चपेट में आने से निर्मला पूरी तरह जल गईं। उनकी मौके पर ही मौत ही गई। जलने के बाद महिला का एक हाथ शरीर से अलग हो गया। बुधवार सुबह करीब पांच बजे पड़ोसियों ने कमरे से धुंआ निकलता देखा तो अखिलेश को आवाज लगाई। अखिलेश ने पहुंच धक्का देकर दरवाजे खोले। वह मां की हालत देख बिलखने लगा। जानकारी पर पति मनीराम व पुत्र निर्दोष भी पहुंच गए।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच की। परिजनों ने बताया कि दो महीने पहले पुत्र उपदेश की मौत हो गई थी। इसके बाद पुत्र अखिलेश व निर्दोष के बीच संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इससे निर्मला परेशान रहती थीं। इंस्पेक्टर की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि आग लगने से महिला की मौत होने की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।