फर्रुखाबाद। लखनऊ से कासगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन में सोमवार दोपहर यात्रियों के बीच जमकर मारपीट हुई। भीड़ के चढ़ने-उतरने पर हुए विवाद में एक युवक को उसकी मां ने मुश्किल से बचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया।
स्टेशन पर पुलिस परीक्षा के अभ्यर्थियों और आम यात्रियों की भारी भीड़ थी। दोपहर करीब 12.35 बजे ट्रेन प्लेटफॉर्म चार पर रुकी। डिब्बों में चढ़ने के लिए यात्रियों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान इंजन से दूसरे नंबर के डिब्बे से कुछ महिलाएं और उनके परिजन उतर रहे थे। कुछ युवा जबरन चढ़ने लगे जिससे विवाद बढ़ गया। एक युवा ने कुछ देर में चढ़ने की बात कही तो नीचे खड़े युवाओं ने उस पर हमला कर दिया। घूंसों-थप्पड़ से पिटाई के दौरान युवक की मां ने अपने बेटे के चेहरे को हाथ रखकर बचाया। मारपीट और शोर सुनकर जीआरपी के सिपाही ने दौड़कर युवकों को अलग किया।
मारपीट के दौरान डिब्बे में चढ़ने-उतरने वाले यात्री सहम गए थे। काफी देर तक प्लेटफॉर्म पर लोग धक्का-मुक्की करते रहे। आरपीएफ इंस्पेक्टर ओपी मीणा ने बताया कि भीड़ में धक्का-मुक्की हुई होगी। उन्होंने मारपीट होने की कोई शिकायत मिलने से इन्कार किया।