नवाबगंज। कस्बा के साथ क्षेत्र के लोगों को बिजली कटौती से निजात नहीं मिल पा रही है। बृहस्पतिवार रात को छह घंटे कटौती होने से भीषण गर्मी में कस्बा के अलावा 110 गांवों के लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी। इससे लोग गुस्से में दिखे।
अमृतपुर विधायक ने 14 फरवरी को स्थानी उपकेंद्र पर नवाबगंज नगर पंचायत फीडर का उद्घाटन करते हुए घोषणा की थी कि अब नवाबगंज को 24 घंटे बिजली मिलेगी लेकिन उपभोक्ताओं को 10 घंटे भी बिजली नसीब नहीं हो रही है। स्थिति यह है कि सुबह 7:00 से 10:00 बजे तक बिजली काट दी जाती है। इसके बाद 3:00 से 6:00 बजे तक बिजली गुल रहती है। बृहस्पतिवार शाम को 6:15 से 8:15 तक ट्रांसमिशन से बिजली काट दी गई। इसके बाद रात में 8:15 से 9:00 बजे तक 20 से 25 बार ट्रिपिंग होने से 10 मिनट भी लगातार बिजली नहीं मिल सकी। रात 9:00 बजे से 11:00 बजे तक फिर ट्रांसमिशन से बिजली काट दी गई। 11:00 बजे रात बिजली आने के बाद लगभग 25 ट्रिपिंग और फाल्ट के चलते मात्र 15 मिनट बिजली चल सकी।
इसके बाद 12:00 बजे से 2:00 बजे तक फिर बिजली गुल हो गई। रात लगभग 1:55 बजे दोबारा नवाबगंज को बिजली मिली। इस बीच भीषण गर्मी से परेशान लोग घरों से निकलकर सड़कों पर टहलते नजर आए। बच्चे बेहाल दिखे तो महिलाएं बिजली कर्मियों को कोसती नजर आईं। अवर अभियंता अब्दुल मजीद ने बताया कि ट्रांसमिशन से कटौती की जा रही है। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। नवाबगंज को अभी 18 घंटे बिजली देने का आदेश है।
बिजली व्यवस्था ठीक न होने पर आंदोलन की चेतावनी
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि बिजली व्यवस्था अगर सही न हुई तो शीघ्र ही आंदोलन होगा। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि नवाबगंज नगर पंचायत को 20 घंटे बिजली दी जाए। भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत गुटके मंडल अध्यक्ष प्रदीप राठौर दीपू ने विद्युत विभाग को चेतावनी दी कि अगर बिजली व्यवस्था जल्द सही न हुई तो उपकेंद्र का घेराव किया जाएगा।