कायमगंज। ग्राम शिवरई मठ स्थित मजार परिसर को प्राचीन शिव मंदिर बताते हुए अखिल भारत हिंदू महासभा ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन का दावा है कि यह स्थल करीब 800 वर्ष पुराना शिव मठ है, जिसे मुगल काल में मुस्लिम समुदाय द्वारा कब्जे में लेकर मजार बना दी गई। महासभा के अनुसार आज भी यहां भगवान शिव की पूजा होती है और मेले की अनुमति भी शिव मठ के नाम पर ही दी जाती है।
महासभा ने आरोप लगाया कि प्रशासन रात 11 बजे के बाद मठ परिसर में ताला लगाने का निर्देश दे रहा है, जिससे धार्मिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। संगठन ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में मांग की कि इस स्थल को पुरातत्व विभाग को सौंपकर खुदाई कराई जाए, ताकि ऐतिहासिक सच्चाई सामने आ सके।
इसके साथ ही संगठन ने मुस्लिम पक्ष को मजार परिसर में धार्मिक प्रतीक चिह्न वाली टाइल्स लगाने से रोकने की मांग की है। महासभा ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन आंदोलन करेगा। इस मौके पर प्रदेश मंत्री प्रदीप सक्सेना, अनूप चौबे, दिनेश बाथम, बृजेश गुप्ता, सनी शर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।