सराफा दुकान पर खरीददारी करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
अक्षय तृतीया के अवसर पर सराफा बाजार में रौनक रही। हालांकि इस बार महंगाई के चलते बिक्री पर करीब 35 प्रतिशत का फर्क पड़ा। सोने की रेडीमेड ज्वैलरी की डिमांड ज्यादा रही। जिले में पांच करोड़ से अधिक का कारोबार होने का अनुमान लगाया गया।
सोमवार को अक्षय तृतीया के अवसर पर शहर के त्रिपोलिया चौक, घुमना बाजार, रेलवे रोड, सेठ गली, कोतवाली रोड फतेहगढ़, चूड़ी वाली गली फतेहगढ़ आदि सराफा बाजारों में सोने के आभूषणों की खरीददारी करने लोग दुकानों पर पहुंचे। लोगों को रेडीमेड ज्वैलरी खूब भाई। महिलाओं ने रेडीमेड सोने के सुईधागा, अंगूठी, झाले, कुंडल आदि खरीदे। सराफा दुकानदार शिवांग रस्तोगी ने बताया कि पिछले साल की अपेक्षा इस साल अक्षय तृतीया पर सोने के दाम बढ़े हैं।
सोना 30 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा है। दाम बढ़ने के चलते बिक्री पर करीब 35 प्रतिशत का फर्क पड़ा है। श्री सराफा कमेटी एसोसिएशन फर्रुखाबाद के अध्यक्ष मनोज रस्तोगी ने बताया कि इस बार सोने के दाम बढ़ने से बिक्री पर 35 से 40 प्रतिशत तक का असर दिखा।