कमालगंज। लंबे समय से बीमार चल रहे वृद्ध ने घर के कमरे में लुंगी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुत्रवधू ने शव लटका देखा तो चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बीमारी के कारण वृद्ध मानसिक रूप से परेशान रहते थे।
थाना क्षेत्र से जुड़े गंगापार इलाके के गांव कुंवरपुरा निवासी रामसागर कश्यप (60) लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार शाम रामसागर कमरे में लेटे थे। उनकी पत्नी देवती व पुत्रवधू छत पर काम कर रही थीं। तभी रामसागर ने छत के कुंडे में लुंगी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ समय बाद पुत्रवधू कमरे में पहुंची तो शव को लटका देख चीखने लगीं।
शोर सुनकर पत्नी देवती व अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। जानकारी होने पर पुत्र आशीष व गौतम ने पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा। बुधवार सुबह आशीष ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। दरोगा जगदीश प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि रामसागर के चार पुत्र आशीष, गौतम, शीशराम व दिलीप हैं। आशीष ने बताया कि पिता लंबे समय से बीमार थे। इसको लेकर वह मानसिक परेशान रहते थे। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि जानकारी होने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।